स्वतंत्रता दिवस आज: विजयी विश्व तिरंगा प्यारा झंडा ऊंचा रहे हमारा...
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पूरा जिला देशभक्ति और उत्साह में डूब गया है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही लोग तिरंगा झंडे खरीद रहे हैं और सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दे रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत चार लाख से अधिक झंडे ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित किए गए हैं।

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पूरा जिला देशभक्ति और राष्ट्र प्रेम में डूब गया है। जिले के कोने-कोने में स्वतंत्रता दिवस को लेकर अद्भुत उत्साह और उमंग का माहौल है। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर देहात क्षेत्रों की गलियों तक केवल एक ही गूँज सुनाई दे रही कि है शान से फहरेगा तिरंगा प्यारा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से पूर्व नगर एवं ग्रामीण अंचलों में उत्सव जैसा माहौल बन गया। देर शाम होते ही सोशल मीडिया पर एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरा जिला राष्ट्रीय ध्वज के तीनों रंगों की रोशनी से जगमगा उठा।
बाजारों में छोटे-छोटे बच्चों के साथ लोगों ने भी खूब तिरंगे खरीदे। आज शान के साथ पूरे जिले में तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। नगर के डीएम रोड, अंसारी रोड, चौक बाजार, काल आम चौक व दिल्ली रोड पर खरीदारी के लिए लोगों की देर शाम तक खूब भीड़ रही। इसके अलावा हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में चार लाख से अधिक राष्ट्र ध्वजों का वितरण ग्रामीण क्षेत्रों में किया गया है।


