चलते-चलते-- चांद पर भी मिलेगा 5जी नेटवर्क, नासा की तैयारी शुरू
- 364 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक जारी किया - 31 जनवरी 2028 तक चलेगा इसका

वॉशिंगटन, एजेंसी। चांद पर भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों को 5जी इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने इस तकनीक को विकसित करने के लिए मॉड्यूलेट स्पेस कॉर्पोरेशन को लगभग 364 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट दिया है। इस सिस्टम में वाई-फाई की की सुविधा भी शामिल होगी।
पहले चरण का कार्य
पहले चरण में कंपनी ऐसा 5जी सिस्टम विकसित करेगी, जिसमें नेटवर्क चलाने के लिए जरूरी हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर शामिल होंगे। लैब में इसकी जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि सिस्टम चांद पर भेजे जाने वाले अभियान में इस्तेमाल के लिए कितना तैयार है। इस चरण का काम 31 जनवरी 2028 तक चलेगा।
असली परीक्षा चांद की सतह पर
इसके बाद असली परीक्षा चांद की सतह पर होगी। इस चरण में यह देखा जाएगा कि चांद के वातावरण में यह संचार प्रणाली किस तरह काम करती है और अलग-अलग उपकरणों के बीच संपर्क कितना भरोसेमंद रहता है। यह प्रदर्शन 30 नवंबर से 31 दिसंबर 2028 के बीच होगा।
तकनीकी उपकरणों के लिए भी जरूरी
नासा का मानना है कि भविष्य में चंद्रमा पर केवल अंतरिक्ष यात्री ही नहीं होंगे बल्कि वहां रोवर, वैज्ञानिक उपकरण, सेंसर और दूसरे स्वचालित सिस्टम भी बड़ी संख्या में काम करेंगे। इन सभी के बीच तेजी से डाटा भेजने और प्राप्त करने के लिए मजबूत संचार नेटवर्क की जरूरत होगी।
चांद पर सिग्नल समझने में मदद मिलेगी
इस परियोजना के दौरान नासा को यह समझने में मदद मिलेगी कि चांद की सतह पर रेडियो सिग्नल किस तरह फैलते हैं और वहां का पर्यावरण संचार व्यवस्था को किस तरह प्रभावित कर सकता है। इस तकनीक से मिले अनुभव के आधार पर भविष्य में चंद्र सतह पर बनने वाले बेस की योजना बनाई जा सकेगी।
अभी कैसे चल रहा इंटरनेट?
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में इंटरनेट धरती की तरह सीधे मोबाइल टावर या केबल से नहीं आता। वहां मौजूद कंप्यूटर और लैपटॉप रेडियो सिग्नल के जरिए धरती के ग्राउंड स्टेशन से जुड़े होते हैं। ये रेडियो सिग्नल पहले संचार उपग्रहों तक पहुंचते हैं और उसके बाद धरती पर पहुंचते हैं। इसी तकनीक से अंतरिक्ष यात्री ग्राउंड स्टेशन को डाटा भेज पाते हैं।
चांद पर 5जी क्यों है जरूरी?
- अंतरिक्ष यात्री तेजी से संपर्क कर सकेंगे।
- चंद्रमा पर रोवर और दूसरे उपरकरण चलाने में मदद मिलेगी।
- वीडियो और तस्वीरें भेजना आसान होगा।
- कई उपकरण एक साथ जुड़कर काम आसान करेंगे।
- भविष्य में बेस बनाने के लिए यह भी यह जरूरी।

