बड़े नेता आम जनता की नस नहीं पकड़ पाए
बड़े नेता आम जनता की नस नहीं पकड़ पाएबड़े नेता आम जनता की नस नहीं पकड़ पाएबड़े नेता आम जनता की नस नहीं पकड़ पाए

हरदोई। पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेश अग्रवाल ने कहा कि विडंबना है कि बड़े नेता आम जनता की नस नहीं पकड़ पाए हैं। इसलिए वह पकोड़ा बनाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को सोचना चाहिए कि आखिरकार उनके ऊपर आरोप क्यों लग रहे हैं। नरेश अग्रवाल ने स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर कहा कि प्रत्येक सांसद और विधायक की जिम्मेदारी है कि वह असंतुष्ट लोगों को संतुष्ट करें। विजयश्री में अपनी भूमिका का निर्वाह करें। देश की सर्वाधिक ताकतवर युवा शक्ति होती है, जिनकी पीड़ा को समझना चाहिए।
नौजवानों की पीड़ा का उन्हें पूरा ख्याल है और उनके प्रति उन्हें काफी हमदर्दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि युवा शक्ति को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास करें और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजनीति में भी युवाओं को आगे आने का मौका दिया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध करते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ित किसानों को ब्याज मुक्त लोन दिया जाए। इस बाढ़ में किसानों की फसल पूरी तरीके से बर्बाद हो गई है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला व पूर्व चेयरमैन उमेश अग्रवाल मौजूद रहे।

