परीक्षा के दिन ही प्रश्नपत्र बनाने का सुझाव
पेपर लीक को रोकने के लिए नंदन नीलेकणि ने एआई से बड़े प्रश्न बैंक से

नई दिल्ली, एजेंसी। इंफोसिस के सह-संस्थापक और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के संस्थापक चेयरमैन रह चुके नंदन नीलेकणि ने मंगलवार को पेपर लीक रोकने के लिए परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र परीक्षा के दिन ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए सवालों का एक बड़ा बैंक बनाया जाए और परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले उसी से प्रश्नपत्र तैयार हो। ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में उन्होंने सभी परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में बदलने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि इसके लिए देशभर में परीक्षा केंद्रों का बड़ा नेटवर्क चाहिए। फिलहाल करीब 1.50 लाख स्थानों पर युवा परीक्षा दे सकते हैं। इस नेटवर्क को और बढ़ाने की जरूरत है। उनके मुताबिक, प्रश्नपत्र तैयार करने की व्यवस्था और परीक्षा कराने के तरीके-दोनों में तकनीकी बदलाव जरूरी हैं। इससे पेपर लीक और परीक्षा में धोखाधड़ी के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा मौजूदा व्यवस्था में पहले से तैयार प्रश्नपत्र की बिक्री से आर्थिक फायदा जुड़ा होता है। इसलिए पेपर लीक का जोखिम बना रहता है।
परीक्षा व्यवस्था में सुधार का सुझाव
क्यों जरूरी है यह सुझाव
नीलेकणि परीक्षा सुधारों पर गठित उच्चस्तरीय कार्यबल के प्रमुख हैं। इस कार्यबल का गठन जुलाई में किया गया था। मई में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (नीट-यूजी) का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद चिकित्सा प्रवेश परीक्षा रद्द कर दी गई और फिर दोबारा परीक्षा करानी पड़ी थी। इस घटना के बाद देशभर में कई सप्ताह तक छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किए थे। इन प्रदर्शनों के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था।
रुपये में उतार-चढ़ाव पर आरबीआई का रुख
रुपये में उतार-चढ़ाव रोकने के प्रयास जारी रखेगा आरबीआई : सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में रुपये के मूल्य में बाहरी कारकों के चलते काफी गिरावट आई है और घरेलू मुद्रा में अत्यधिक उतार-चढ़ाव रोकने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) अपने प्रयास जारी रखेगा। सीतारमण ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया निचले स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, विदेशी मुद्रा भंडार सहित भारत के व्यापक आर्थिक बुनियादी कारक मजबूत हैं और आरबीआई घरेलू मुद्रा में स्थिरता बनाए रखने के लिए कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा, ''मुझे भरोसा है कि आरबीआई रुपये में अत्यधिक उतार-चढ़ाव रोकने के लिए आगे भी कदम उठाएगा। वहीं, वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर (एलटीसीजी) और सिक्योरिटी ट्रांजेक्शन टैक्स हटाने के मुद्दे पर सुझाव सुने जाएंगे। उन्होंने कहा, सरकार बजट से पहले होने वाली चर्चाओं में इन करों पर सुझाव सुनना चाहेगी। हालांकि, उन्होंने इस टैक्स को हटाने या घटाने का कोई वादा नहीं किया है।
सेमीकंडक्टर विनिर्माण में भारत की संभावनाएं
सेमीकंडक्टर विनिर्माण में वैश्विक भूमिका निभाने की स्थिति में भारत: चंद्रशेखरन
नई दिल्ली, एजेंसी। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने मंगलवार को कहा कि सेमीकंडक्टर भारत के भविष्य के लिए बेहद अहम होंगे। देश में कुशल प्रतिभाओं, बड़े घरेलू बाजार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की संभावनाओं को देखते हुए भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की स्थिति में है। ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम 2026 में चंद्रशेखरन ने कहा कि तेजी से अनिश्चित होते वैश्विक माहौल में कारोबार क्षेत्रों को दक्षता के बजाय मजबूती को प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि भू-राजनीतिक तनाव, कृत्रिम मेधा (एआई) से होने वाले बदलाव और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े संकट एक साथ सामने आ रहे हैं।


