नाना पाटेकर पैकेज::करियर के पीक पर कारगिल युद्ध लड़ने पहुंचे थे नाना पाटेकर
अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म उद्योग और देश में शोक छा गया। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने रक्षा मंत्री से अनुमति लेकर करीब 60 दिन सैनिकों के साथ बिताए और क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा बने। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया, तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और चार फिल्मफेयर अवार्ड जीते। उन्हें 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

कारगिल युद्ध के दौरान 60 दिनों तक सेना के साथ काम किया सेना की क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा थे
-100 से अधिक फिल्में कीं
-3 राष्ट्रीय पुरस्कार मिले
-4 फिल्मफेयर अवार्ड जीता
---------------------------
जन्म: 1 जनवरी 1951
निधन: 8 अक्तूबर 2026
असली नाम: विश्वनाथ पाटेकर
जन्म स्थान: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित मुरुड-जंजीरा में
नई दिल्ली, एजेंसी। अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर ने गुरुवार सुबह पूरे फिल्म उद्योग और देश को झकझोर कर रख दिया। वे देश के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में से एक थे, हालांकि बेहतरीन अभिनेता होने के अलावा, नाना सच्चे देशभक्त भी थे।
कारगिल मोर्चे पर नाना पाटेकर
1999 में जब कारगिल युद्ध छिड़ा तो नाना पाटेकर ने करियर के पीक पर फिल्में छोड़ दीं, और बॉर्डर पर पर जाने के लिए खुद रक्षा मंत्री से विशेष अनुमति मांगी। नाना ने 2024 में एक इंटरव्यू में इस बारे में बात की थी और बताया था कि वह कारगिल में क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा थे।
बता दें कि जब उन्होंने यह फैसला लिया तब वे दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके थे। लेकिन उन्होंने अपने करियर को विराम दे दिया। नाना पाटेकर टेरिटोरियल आर्मी का हिस्सा थे और अक्सर पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के लिए धन जुटाते थे।
कारगिल पहुंचने की कहानी
2024 में केबीसी में सुनाया था किस्सा
इस साल की शुरुआत में, अभिनेता कौन बनेगा करोड़पति में नजर आए थे। वहां उन्होंने अमिताभ बच्चन को बताया कि वह कारगिल युद्ध के दौरान मोर्चे पर कैसे पहुंचे। पाटेकर ने 1991 में आई फिल्म 'प्रहार: द फाइनल अटैक' के लिए सशस्त्र बलों के साथ कठोर प्रशिक्षण लिया था। फिल्म में उन्होंने मेजर वी एस चव्हाण की भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस फिल्म के लिए मराठा लाइट इन्फैंट्री के साथ तीन साल तक प्रशिक्षण लिया था। जब कारगिल युद्ध शुरू हुआ, तो उन्होंने डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर जवानों के साथ मोर्चे पर जाने की गुजारिश की, लेकिन उन्हें मना कर दिया गया। उनसे कहा गया कि इसकी अनुमति केवल रक्षा मंत्री ही दे सकते हैं।
रक्षा मंत्री से मांगी अनुमति
नाना ने कहा, मैं हमारे रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस जी को जानता था, इसलिए मैंने उन्हें फोन किया। उन्होंने भी कहा कि यह असंभव है। मैंने उनसे कहा कि कमीशन की ट्रेनिंग भले ही छह महीने की होती है, लेकिन मैंने तीन साल ट्रेनिंग ली है। वे हैरान रह गए और मुझसे इस बारे में पूछा। मराठा लाइट इन्फैंट्री के साथ मेरे अनुभव के बारे में जानने के बाद, उन्होंने मुझसे पूछा आप कब जाना चाहते हैं? मैंने कहा आज। पाटेकर ने बताया था कि उन्होंने संघर्ष के दौरान करीब 60 दिन सैनिकों के साथ बिताए और द्रास, लेह, कुपवाड़ा, बारामूला तथा सोपोर समेत कई स्थानों की यात्रा की।
सैनिकों के साथ बिताए दिन
20 किलो वजन कम हुआ
नाना ने अगस्त 1999 में एलओसी के करीब अग्रिम मोर्चे पर दो हफ्ते से अधिक समय बिताया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों की मदद की और बेस के अस्पताल में भी कुछ दिनों तक काम किया।
अभिनेता ने कारगिल में अपने समय के दौरान क्विक रिस्पांस टीम का हिस्सा होने की बात याद की। वहां की कठिन परिस्थितियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब मैं श्रीनगर पहुंचा तब मेरा वजन 76 किलोग्राम था। जब मैं वापस आया, तो मेरा वजन घटकर 56 किलोग्राम रह गया था।
पुरस्कार और सम्मान
तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिले
1990: फिल्म परिंदा: बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर
1995: क्रांतिवीर: बेस्ट एक्टर
1997: अग्नि साक्षी: बेस्ट सर्पोटिंग एक्टर
चार फिल्मफेयर अवार्ड
1990: परिंदा: बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर
1993: अंगार: बेस्ट विलेन
1995: क्रांतिवीर: बेस्ट एक्टर
2006: अपहरण: बेस्ट परफॉर्मेंस इन ए निगेटिव रोल
दो महाराष्ट्र स्टेट फिल्म अवॉर्ड भी मिले थे।
कला में योगदान के लिए पद्मश्री
2013: नाना पाटेकर को सिनेमा और कला में उनके योगदान के लिए 2013 में पद्म श्री मिला।
फिल्मी सफर
1978 में फिल्म गमन से करियर की शुरुआत
नाना पाटेकर ने 1978 में 'गमन' फिल्म से हिंदी सिनेमा में करियर शुरू किया था। इसके बाद वे कई मराठी और हिंदी फिल्मों में नजर आए और अपनी पहचान बनाई। 'आज की आवाज़', 'अंकुश', 'प्रतिघात', 'अंधा युद्ध', 'मोहरे', 'त्रिशग्नि' और 'सागर संगम' जैसी फिल्मों में उनके काम ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। 1986 में, नाना पाटेकर ने ब्रिटिश टीवी सीरीज 'लॉर्ड माउंटबेटन: द लास्ट वायसराय' में नाथूराम गोडसे का किरदार निभाया था। 1988 में एकेडमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हुई फिल्म 'सलाम बॉम्बे!' में काम करने के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
सादा जीवन और गांव से लगाव
सादा जीवन और गांवों से लगाव था
नाना पाटेकर सादा जीवन जीने के लिए जाने जाते थे। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने अपनी ज़िंदगी का ज्यादातर हिस्सा मुंबई के अंधेरी में एक बेडरूम वाले अपार्टमेंट में बिताया। लगभग 750 स्क्वायर फीट का यह घर दशकों पहले करीब 1.1 लाख रुपये में उन्होंने खरीदा था। बाद में इसकी अनुमानित कीमत बढ़कर लगभग 3 करोड़ रुपये हो गई। उनके पास गोवा और पुणे में भी प्रॉपर्टी थीं। उनकी सबसे बड़ी प्रॉपर्टी पुणे के पास खड़कवासला में 27 एकड़ का फार्महाउस था। नाना पाटेकर ने एक बार अमिताभ बच्चन के साथ 'कौन बनेगा करोड़पति' में गांव की जिंदगी पसंद करने की वजह बताई थी। पाटेकर ने हिंदी में कहा, था मैं इस इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं हूं। मैं यहाँ आता हूं, काम करता हूं और वापस चला जाता हूं। मैं यहाँ कभी पार्टियों में नहीं गया। यह मुझे कभी रास नहीं आया। मैं गाँव से हूं और वहीं रहूंगा। मुझे वहीं अच्छा लगता है।

