नैनी झील में गंदा पानी रोकने और अवैध निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश
नैनीताल में झील के संरक्षण के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी को सीवेज रोकने, नालों का मानचित्रण और अवैध निर्माणों की जांच का आदेश मिला है। पुलिस गश्त और CCTV कैमरों की स्थापना पर भी जोर दिया गया है। कुत्तों द्वारा फैलाए जा रहे कचरे पर कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल, संवाददाता। नैनी झील के संरक्षण को लेकर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण के सदस्य-सचिव प्रदीप कुमार मणि ने झील में गिर रहे सीवेज को तुरंत रोकने, सभी नालों का मानचित्रण करने और झील के आसपास हो रहे अवैध निर्माणों की जांच कर कंक्रीटीकरण पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने झील विकास प्राधिकरण, जल संस्थान, सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस प्रशासन को आपसी तालमेल से काम करने की सलाह दी है।प्राधिकरण ने लंबे समय से बंद लोअर माल रोड के कारण अपर माल रोड पर बढ़ रहे यातायात दबाव और मस्जिद चौराहे से आंडा मार्केट के बीच अनियंत्रित पार्किंग पर चिंता जताते हुए रिपोर्ट मांगी है।
इसके अलावा, ठंडी सड़क क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और नशाखोरी पर लगाम कसने के लिए नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी कैमरे, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सफाई के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर पालतू कुत्तों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी पर कार्रवाई और झील के वैज्ञानिक संरक्षण के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने पर भी जोर दिया।


