सीएससी नेटवर्क से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेंगी नैनीताल बैंक की सेवाएं
हल्द्वानी में नैनीताल बैंक लिमिटेड और सीएससी एसपीवी के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना है। दोनों संस्थाओं के अधिकारियों ने बैंक मित्र सेवाओं के कार्यान्वयन और वित्तीय सेवाओं के विस्तारीकरण पर चर्चा की।

हल्द्वानी ,संवाददाता। बैंकिंग सेवाओं को आम नागरिकों के लिए और अधिक सुलभ बनाने तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में नैनीताल बैंक लिमिटेड और सीएससी एसपीवी के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन किया गया। इस साझेदारी के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की पहुंच को मजबूत किया जाएगा। समझौता ज्ञापन के संबंध में नैनीताल बैंक लिमिटेड और सीएससी एसपीवी के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में दोनों संस्थाओं के अधिकारियों ने बैंकिंग सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने, बैंक मित्र सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सीएससी नेटवर्क के माध्यम से वित्तीय सेवाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।
नैनीताल बैंक लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक कुलदीप सिंह ने इस साझेदारी के लिए दोनों संस्थाओं को शुभकामनाएं दीं। समझौता ज्ञापन का औपचारिक आदान-प्रदान नैनीताल बैंक लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक गुप्ता और सीएससी एसपीवी के स्टेट हेड अश्वनी कुमार के बीच किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल बैंक लिमिटेड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अनिल कुमार भी उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों के अनुसार, सीएससी के विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से उन क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को पहुंचाने में मदद मिलेगी, जहां लोगों को बैंक शाखाओं तक पहुंचने में परेशानी होती है।


