होटल गुलिस्तां के पास युवक का मिला शव
फतेहपुरसीकरी में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिला, जो धौलपुर का निवासी था और दो दिन से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कोक सिंह के रूप में हुई है, जो एक अगस्त को घर से निकला था। उसकी मृत्यु का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है।

थाना फतेहपुरसीकरी क्षेत्र स्थित होटल टूरिस्ट कंपलेक्स गेट के समीप सोमवार सुबह युवक का शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। वह धौलपुर का रहने वाला था। बीते दो दिन से लापता था। थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान कोक सिंह पुत्र रामप्रसाद निवासी ग्राम मालोनी खुर्द (कौलारी, धौलपुर) के रूप में हुई है। सूचना पर सीकरी पहुंचे मृतक के भाई राकेश पुत्र रामप्रसाद ने बताया कि कोक सिंह एक अगस्त को घर से निकला था। तब से उसका कोई पता नहीं था।
तीन अगस्त की सुबह उन्हें सूचना मिली कि कोक सिंह का शव होटल गुलिस्तान पार्किंग गेट के समीप पड़ा हुआ है। तहरीर में उन्होंने मृत्यु का कारण अज्ञात बताते हुए पुलिस से आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की ।थाना सीकरी के एसएसआई विपिन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


