सुपौल : पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस
मरौना, एक संवाददाता। नदी थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान 22 वर्षीय शिव कुमार मंडल के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच जारी है।

मरौना, एक संवाददाता। नदी थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव में सोमवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के बथनाहा गांव निवासी शिव कुमार मंडल (22) के रूप में हुई है। युवक पिछले करीब एक महीने से सिसौनी में अपनी बहन के घर रह रहा था। उसका शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर पेड़ से लटका मिला।
ग्रामीणों की सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ लोग शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना नदी थाना पुलिस को दी।
पुलिस की जांच
सूचना मिलते ही नदी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर रस्सी के निशान के साथ चोट के निशान भी पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि शव के पैर जमीन से सटे हुए थे। इन परिस्थितियों ने घटना को संदिग्ध बना दिया है।
परिजनों के आरोप
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले युवक का एक पड़ोसी के साथ मारपीट भी हुई थी। इस कारण युवक की मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने युवक की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। नदी थाना अध्यक्ष सुमित कुमार भारती ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि मृतक के गले पर जख्म के निशान मिले हैं। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में घटनास्थल, पूर्व विवाद और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

