तंत्रमंत्र करने आए तांत्रिक की संदिग्ध हालात में मौत
हमीरपुर में एक युवक ने पत्नी के साथ न रहने के कारण परेशान होकर तांत्रिक गयाप्रसाद को घर बुलाया। तंत्रमंत्र करते समय संदिग्ध परिस्थितियों में तांत्रिक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है।
हमीरपुर। पत्नी के साथ न रहने से परेशान युवक ने एक तांत्रिक को मंगलवार की शाम तंत्रमंत्र के लिए अपने घर बुलाया था। देर रात संदिग्ध हालात में तांत्रिक की मौत हो गई। सवेरे घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। थाना मुस्करा के गहरौली गांव निवासी राहुल पुत्र रामप्रकाश की पत्नी उसके साथ नहीं रहती है। इससे परेशान राहुल ने तंत्रमंत्र का सहारा लिया। राहुल ने महोबा जनपद के चरखारी थानाक्षेत्र के रिवई गांव निवासी 45 वर्षीय गयाप्रसाद को बुलाया जो लंबे अरसे से तंत्रमंत्र का काम कर रहा है।
इसका क्षेत्र में इस विद्या को लेकर नाम भी है। लिहाजा राहुल को लगा तंत्रमंत्र कराने से शायद उसकी पत्नी उसके साथ रहना शुरू कर देगी। मंगलवार की शाम चार बजे तांत्रिक गयाप्रसाद गहरौली गांव पहुंचा और रात होते ही उसने झाड़-फूंक करनी शुरू की। 11 बजे के आसपास तांत्रिक की राहुल के घर में तंत्रमंत्र के दौरान ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह राहुल ने फोन से तांत्रिक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने गांव पहुंच यूपी 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस ने तांत्रिक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। तांत्रिक के भाई देवीचरन ने बताया कि राहुल के बुलाने पर उसका भाई गहरौली गांव आया हुआ था। रात में मौत उसकी मौत कैसे हुई, यह उन्हें भी नहीं पता। राहुल ने भी रात में कोई सूचना नहीं दी। भाई को अस्पताल भी नहीं ले जाया गया। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो भाई के मुंह और नाक से खून आ रहा था। भाई ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की गुहार लगाई है। इस संबंध में थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मोहल्लावासियों ने बताया कि देर रात तांत्रिक घर की सीढ़ियों से गिरा था, जिससे उसकी मौत हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।


