तख्त के नीचे मिला किशोर का शव
सूरतगंज के बल्लोपुर गांव में 15 वर्षीय शिवा का शव घर में तख्त के नीचे पाया गया। उसके गले में कपड़ा लिपटा था, जिससे हत्या का शक उठ रहा है। परिजन शुरू में हत्या का आरोप लगा रहे थे, पर बाद में सर्पदंश का आरोप लगाने लगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

सूरतगंज(बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बल्लोपुर गांव में गुरुवार सुबह 15 वर्षीय किशोर का शव घर में तख्त के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसके गले में कपड़ा लिपटा था। परिजन हत्या की बात कह रहे है लेकिन पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। इनका कहना है कि गांव के ही कुछ लोगों ने किशोर पर चोरी का आरोप लगाया था। इसके बाद शव मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच कर रही है। बल्लोपुर गांव निवासी श्रवण बाजपेई का 15 वर्षीय इकलौता पुत्र शिवा गुरुवार सुबह घर में तख्त के नीचे अचेत अवस्था में पड़ा मिला।
परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उसे आनन-फानन सीएचसी सूरतगंज ले गए। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवा तख्त के नीचे पड़ा था। उसके गले में एक कपड़ा भी लिपटा था। जिससे वह लोग हत्या की आशंका जता रहे है। इनका कहना कि सुबह शिवा गांव स्थित एक दुकान पर गया था। आरोप है कि महिला दुकानदार ने इस पर चोरी का आरोप लगाया था। इसके बाद शिवा अचेत अवस्था में मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम की बात कही तो परिजन मुकर गए और सर्पदंश की बात कहने लगे। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कुछ लोग सर्पदंश तो कुछ लोग आत्महत्या की बात कह रहे हैं। शिवा तीन बहनों में सबसे छोटा था। अचानक हुई उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत के बाद मां कबूतरा देवी व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।इस सम्बन्ध में एसएचओ अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि परिजन कभी सर्पदंश तो कभी हत्या की बात कह रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।


