गन्ने के खेत में मिली खोपड़ी की दूसरे दिन भी नहीं हुई शिनाख्त
भाटपाररानी के सुंदरपार मिश्रौली गांव में गन्ने के खेत में मानव सिर का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस पहचान की कोशिश कर रही है, जबकि ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। बरामद सामानों के आधार पर एक लापता महिला के परिजनों ने पहचान का दावा किया है, लेकिन पुष्टि होना बाकी है।
भाटपाररानी (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। बनकटा थाना क्षेत्र के सुंदरपार मिश्रौली गांव स्थित गन्ने के खेत में मंगलवार को मिली मानव खोपड़ी (सिर का कंकाल) की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। मंगलवार को गांव के एक गन्ने के खेत में मानव सिर का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल से एक साड़ी, चप्पल और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था।
इन सामानों के आधार पर गांव की करीब 20 दिनों से लापता एक महिला के परिजनों ने उसकी पहचान होने का दावा किया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि केवल सामान के आधार पर पहचान की पुष्टि नहीं की जा सकती। वैज्ञानिक और अन्य विधिक प्रक्रियाओं के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। ग्रामीण इस मामले में हत्या की आशंका जता रहे हैं।वहीं पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष बनकटा डीके मौर्या ने बताया कि बरामद खोपड़ी की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान की प्रक्रिया जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की ाएगी।


