गरुड़ में अज्ञात बीमारी से पशुओं की मौत, पशुपालकों में दहशत
गरुड़ क्षेत्र में अज्ञात बीमारी के कारण पशुओं की मौतें जारी हैं। बंड गांव में तीन गायों और जैंसर में एक भैंस की मौत हुई है, जिससे पशुपालकों में डर है। पशुपालकों ने पशुओं के जांच, उपचार और टीकाकरण के लिए शिविर लगाने की मांग की है। प्रशासन ने पशुओं का टीकाकरण और जांच शुरू कर दी है।

देवेंद्र पांडे, गरुड़। गरुड़ क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से पशुओं की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। गागरीगोल के बंड गांव में एक सप्ताह के भीतर तीन दूधारू गायों की मौत हो गई। वहीं जैंसर में चौथी भैंस की मौत से पशुपालकों में दहशत है। पशुपालकों ने गांवों में शिविर लगाकर पशुओं की जांच, उपचार और टीकाकरण कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया कि बंड गांव में शंकर राम, भूपाल सिंह और इंद्रा देवी की दूधारू गायों की अचानक मौत हुई है। वहीं जैंसर में किशन सिंह की भैंस की मौत हुई। इससे पहले भी गांव में तीन भैंसों की मौत हो चुकी है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी केके जोशी ने बताया कि विभागीय टीम ने जैंसर, सिमार और तेलीहाट में 75 पशुओं का एंटी रेबीज टीकाकरण किया है। जैंसर और सीर गांव से भैंसों के सैंपल लिए गए हैं। बंड गांव में भी टीकाकरण कराया गया है। जांच और उपचार के लिए मुक्तेश्वर और पंतनगर से चिकित्सकों की टीम पहुंची है।


