युवक की संदिग्ध हालात में मौत, जहर खाने की आशंका
बांदा में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह सात दिन लापता रहने के बाद रविवार को बाबा की झोपड़ी पहुंचा। परिजनों ने जहर खाने की आशंका जताई है। युवक का पिता बेटे के शराब पीने को लेकर नाराज था और बेटे ने घर छोड़ दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बांदा। सात दिन लापता रहने के बाद रविवार रात खेत स्थित बाबा की झोपड़ी पहुंचे युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। परिजनों ने जहर खाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जमालपुर के मुन्नीलाल ने बताया 35 वर्षीय पुत्र महेश रविवार रात बाबा शिवरतन की झोपड़ी पहुंचा। वहीं पर लेट गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। काफी देर बाद छोटा भाई अनिल खाना लेकर खेत पहुंचा उसे जगाया देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने बताया कि सात दिन पहले महेश नशे की हालत में घर आया था। पिता ने शराब पीने के लिए मना किया था। इसी बात को लेकर पिता पुत्र में विवाद हो गया था। वह नाराज होकर घर से चला गया था। सात दिन लापता रहने के बाद वह रविवार की रात बाबा की झोपड़ी पहुंच गया। बिना खाना खाए जमीन पर सो गया। उसकी मौत हो गई। मृतक हैदराबाद में काम करता था। वह तीन माह पहले गांव आया था। मृतक अपने पीछे पत्नी श्रीदेवी के अलावा एक पुत्र छोड़ गया है। पिता ने जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई है। अचानक हुई इस घटना से मां सुनीता का रो रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


