बोरी में बंद युवती का शव मिला, हत्या की आशंका
सरैया में जंगली माई मंदिर के पास शुक्रवार को एक युवती का शव बोरी में बंद पाया गया। शव की पहचान नहीं हुई है और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या की संभावना जताई जा रही है।

सरैया, हिन्दुस्तान संवाददाता। थाना क्षेत्र के रेवाघाट स्थित जंगली माई स्थान मंदिर के समीप शुक्रवार की सुबह बोरी में बंद करीब 25 वर्षीया युवती की लाश मिली। युवती के चेहरे पर गहरे जख्म के निशान थे। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। शव की पहचान नहीं हुई है। सूचना पर पहुंची सरैया पुलिस ने बोरी से शव को बाहर निकालकर जांच-पड़ताल शुरू की। एफएसएल ने घटनास्थल से नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत होती है। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह कुछ लोग रेवाघाट स्थित एनएच-722 से जंगली माई मंदिर की ओर जाने वाले बांध की तरफ गए थे।
इसी दौरान बांध से मंदिर की ओर जाने वाली सड़क किनारे बोरी फेंकी हुई दिखाई दी। नजदीक पहुंचने पर शव देखकर सरैया पुलिस को सूचना दी।इधर, सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत हो रही है। हालांकि, शव पर चाकू या गोली लगने के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव की पहचान को लेकर आसपास के थानों से संपर्क किया गया है।


