पिथौरागढ़ में पहाड़पुर के मजदूर की मौत, मातम
पहाड़पुर के संटाहा कचहरी टोला गांव के 24 वर्षीय मजदूर कमलेश यादव की उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। कमलेश की पत्नी गर्भवती है और एक छोटा सा बच्चा भी है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

पहाड़पुर। थाना क्षेत्र के नौवाडीह पंचायत के वार्ड नंबर नौ स्थित संटाहा कचहरी टोला गांव निवासी मजदूर कमलेश यादव (24) की उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का आरोप है कि कमलेश की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया है। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि कमलेश अपने तीन भाइयों के साथ उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के असकोट थाना क्षेत्र के डीडीहाट तहसील के कटामानसिंह नारायणनगर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था।
फिलहाल दो भाई ही वहां थे। जबकि बड़ा भाई राजेश यादव करीब दस दिन पूर्व गांव आया है। मृतक के बड़े भाई राजेश यादव ने बताया कि कमलेश काफी मिलनसार स्वभाव का था और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकता था। उन्होंने कुछ लोगों से उसके पूर्व के विवाद का जिक्र करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि इन्हीं विवादों को लेकर उन्हें कमलेश की मौत पर संदेह है। वहीं, नारायणनगर में मौजूद छोटे भाई राज कुमार ने परिजनों को बताया कि मंगलवार सुबह काम पर जाने के समय कमलेश से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद मजदूरों के साथ उसके कमरे पर पहुंचने पर वह मृत अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार, कमलेश और उसके भाई करीब दस वर्षों से नारायणनगर में रहकर काम कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि भाइयों के बीच कभी कोई विवाद नहीं रहा और सभी आपसी सहयोग से परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीण बिहारी पटेल, रजनीश कुमार, उमाशंकर यादव, राज कुमार, अनवर आलम, जीतन यादव व बली पासवान सहित अन्य ने बताया कि कमलेश मिलनसार युवक था। उसके परिवार में पत्नी यशोदा देवी के अलावा करीब एक-दो वर्ष का पुत्र युवराज यादव है। उसकी पत्नी गर्भवती भी बताई जा रही है।कमलेश की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।


