राकेश की मौत का मामला : वेनेजुएला दूतावास ने देवरिया में हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांगी कापी

हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

वेनेजुएला से मर्चेंट नेवी कर्मी राकेश चौहान के शव में महत्वपूर्ण आंतरिक अंग गायब होने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सवाल उठाए हैं। भारत सरकार और वेनेजुएला दूतावास ने मामले में सक्रियता दिखाई है। परिवार ने न्याय की मांग की है और अधिकारियों के सामने अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं।

राकेश की मौत का मामला : वेनेजुएला दूतावास ने देवरिया में हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मांगी कापी

भलुअनी (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। वेनेजुएला से मर्चेंट नेवी कर्मी के आए शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मस्तिष्क, हृदय, फेफड़ा समेत अन्य आतंरिक अंग गायब होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। भारत सरकार के सख्त होने के बाद अब वेनेजुएला दूतावास भी सक्रिय हो गया है। शनिवार को देवरिया पुलिस से दूतावास के अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कापी मांगी। पुलिस के अधिकारियों ने कापी मोबाइल वाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध करा दिया है। उधर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने राकेश की पत्नी से मोबाइल पर बातचीत की और कंपनी से जुड़ी सभी जानकारियां मांगी। माना जा रहा है कि जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

भलुअनी थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर (लगड़ा बाजार) के रहने वाले राकेश चौहान (33) पुत्र रामदेव आठ वर्ष पहले मर्चेंट नेवी में गए। उनके मर्चेंट नेवी में जाने के बाद परिवार की स्थिति मजबूत होने लगी। नवंबर माह 2025 में वेनेजुएला गए थे। परिजनों के अनुसार वह अपने पिता व परिवार के लोगों से हर दिन बात करते थे, जब छह मई को उनका फोन घर नहीं आया तो पिता ने सात मई को फोन किया। जिस पर सूचना दी गई कि एक हादसे में वह घायल हो गए हैं, उपचार चल रहा है। चार घंटे बाद बताया गया कि हालत गंभीर है और कुछ घंटे बाद ही उनकी मृत्यु की सूचना दी गई। इसके बाद परिवार के लोग शव मंगाने में जुट गए। 4 जून की रात शव देवरिया आया और पुन: डीएम के निर्देश पर चिकित्सकों की तीन सदस्यीय कमेटी ने वीडियो रिकार्डिंग के बीच पोस्टमार्टम किया। राकेश के पिता रामदेव ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव में मस्तिष्क, हृदय, दोनों फेफड़े, लीवर, दोनों गुर्दे, प्लीहा, अग्न्याशय, पेट और आंतें सहित कई प्रमुख आंतरिक अंग नहीं मिले। इसके अलावा थायरायड, हायाइड, लैरिंक्स और ट्रेकिया भी अनुपस्थित थे। शरीर पर गर्दन से जघनास्थि तक लगभग 60 सेंटीमीटर लंबे चीरे पर 22 टांके व एक कान से दूसरे कान तक सिर के पीछे लगभग 20 सेंटीमीटर लंबे चीरे पर 21 टांके लगे मिले। पत्नी रंजना चौहान व पिता रामदेव लगातार डीएम मधुसूदन हुल्गी व एसपी अभिजीत आर शंकर से मुलाकात कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद तक यह मामला पहुंचा तो और सक्रियता बढ़ गई। भलुअनी थानाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने बताया कि वेनेजुएला दूतावास से पुलिस के अधिकारियों के पास फोन किए थे और देवरिया में हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कापी मांगी। पुलिस अधिकारियों को उन्होंने तत्काल पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कापी उपलब्ध करा दी है। दूतावास को पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कापी भी भेज दी गई है। उधर डीएम ने भी रंजना चौहान से मोबाइल पर बातचीत की। उन्होंने कंपनी में मिलने वाली सुविधा, कंपनी कहां की है? क्या-क्या सुविधाएं और मिलनी चाहिए? पूरा डिटेल मांगा। जिसके बाद रंजना ने डीएम के मोबाइल पर सभी कागजात उपलब्ध करा दिया।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।