खटीमा में होटल कर्मी की संदिग्ध हालात में मौत
खटीमा में एक होटल कर्मी राम सिंह धामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह टनकपुर हाईवे पर घायल अवस्था में मिले थे और उप नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय राम सिंह के रूप में हुई, जो परिवार के साथ तिगरी में रह रहे थे। पुलिस जांच कर रही है।
खटीमा, संवाददाता। एक होटल कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार देर रात वह टनकपुर हाईवे पर अमाऊं और तिगरी के बीच सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। एक ई-रिक्शा चालक उसे उप नागरिक अस्पताल पहुंचाकर चला गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। उप नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अकलीम अहमद ने बताया कि शुक्रवार देर रात एक ई-रिक्शा चालक घायल युवक को अस्पताल छोड़ गया था। युवक की हालत गंभीर थी और उसके सिर में गहरी चोट लगी थी, जिससे काफी खून बह रहा था।
प्रथमदृष्ट्या युवक के सड़क हादसे में घायल होने की आशंका जताई गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। मृतक की पहचान 47 वर्षीय राम सिंह धामी पुत्र नारायण सिंह धामी निवासी तिगरी चौराहा, खटीमा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि राम सिंह अमाऊं स्थित एक होटल में काम करते थे। शुक्रवार देर रात घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में होटल पहुंचे, जहां उन्हें उनके घायल होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, राम सिंह धामी मूल रूप से मनमानले, पिथौरागढ़ के रहने वाले थे और तिगरी में किराये के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी विमला धामी, पुत्र नवल और पुत्री नेहा हैं। पुलिस अब ई-रिक्शा चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


