महिला की हत्या में माता-पिता और भाइयों पर केस
प्रेम-प्रसंग के बाद कोर्ट मैरिज करने वाली विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति हमजा ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की हत्या उसके मायके वालों ने की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी की पुष्टि हुई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

प्रेम-प्रसंग के बाद कोर्ट मैरिज करने वाली विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति की तहरीर पर माता-पिता और दो भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत हेड इंजरी के कारण होने की पुष्टि हुई है। मुरादाबाद के दलपतपुर निवासी हमजा दिल्ली के मालवीय नगर में रहकर काम करता है। करीब एक साल पहले उसने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अजीतपुर निवासी आशिया बी से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों दिल्ली के मालवीय नगर में रह रहे थे। बताया गया कि 18 अगस्त को आशिया बी दिल्ली से अपने मायके आई थी।
इसके बाद 20 अगस्त को उसकी मौत हो गई। मायके वालों ने पति हमजा को सूचना दिए बिना शव को भोट थाना क्षेत्र के अहमदनगर तराना स्थित पैतृक गांव में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर हमजा दिल्ली से रामपुर पहुंचा। उसने छह सितंबर को पुलिस को तहरीर देकर पत्नी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। उसका आरोप था कि कोर्ट मैरिज करने के कारण उसकी पत्नी की मायके वालों ने हत्या कर दी।शिकायत के बाद पुलिस ने गुरुवार को विवाहिता का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने पति की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर हबीब अहमद, अलीशान, फैजुल्लरहमान और समीना बेगम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


