फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप
जफराबाद के बहादुरपुर गांव में 32 वर्षीय महिला मधु यादव का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुराल पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के परिवार का कहना है कि उसे प्रताड़ित किया जाता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आएगी।

जफराबाद, हिन्दुस्तान संवाद। जलालपुर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी एक 32 वर्षीय महिला का फंदे से लटकता हुआ शव घर के अंदर मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव की शादी क्षेत्र के ही मेहरी गांव निवासी रामपति यादव की पुत्री मधु यादव के साथ हुई थी। उसको एक पुत्री नौ वर्षीय आरोही तथा एक तीन वर्षीय पुत्र अभय यादव है। सुरेंद्र यादव रोडवेज में संविदा पर परचालक है।
शुक्रवार की रात को खाना पीना के बाद मधु अपने कमरे में चली गयी। भोर में किसी की नजर कमरे की खिड़की पर पड़ी। उस समय मधु पंखे से दुपट्टे के सहारे लटक रही थी। परिवार के लोग दरवाजे को धक्का मारकर खोल दिए। उसके बाद मधु को आनन फानन में नीचे उतारे। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी के बाद भोर में ही गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस और मृतका के परिजनों को सूचना दी गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे थे तब परिजन शव को उतार कर नीचे रख चुके थे। उनका कहना था दरवाजा धक्का देने से खुल जाता है। बताया कि मृतका के पिता रामपति यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मधु के ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे। उन लोगों ने उसकी हत्या कर दिया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना की सच्चाई का पता लगेगा।


