क्षमता संवर्धन राष्ट्रीय कार्यशाला के लिए जिले के दो शिक्षक चयनित
मुजफ्फरपुर जिले के दो शिक्षकों कुमार अभिषेक और अभिषेक कुमार का राष्ट्रीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला के लिए चयन हुआ है। वे 26 और 27 अक्तूबर 2026 को भुवनेश्वर में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यशाला में कौशल आधारित शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम और करियर मार्गदर्शन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद दोनों शिक्षक अपना ज्ञान राज्य के अन्य शिक्षकों के साथ साझा करेंगे।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। जिले के दो शिक्षकों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला के लिए किया गया है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलेमपुर ढाब (कांटी) के गणित-विज्ञान विषय के विद्यालय अध्यापक सह डिस्ट्रिक्ट टेक्निकल टीम लीड (पीबीएल) कुमार अभिषेक तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपालपुर नेउरा (सरैया) के गणित एवं विज्ञान विषय के विद्यालय अध्यापक सह डिस्ट्रिक्ट टेक्निकल टीम सदस्य अभिषेक कुमार इस कार्यशाला में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य और आयोजन
कार्यशाला का आयोजन 26 एवं 27 अक्तूबर 2026 को वर्ल्ड स्किल सेंटर, भुवनेश्वर (ओडिशा) में होगा। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत एनसीईआरटी की घटक इकाई पीएसएस सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल एजुकेशन भोपाल द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली शिक्षकों की क्षमता का संवर्धन करना तथा विद्यालयों में कौशल आधारित बैगलेस डे, ‘कौशल बोध’ और ‘माई करियर एडवाइजर ऐप’ के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से शिक्षकों को व्यावहारिक कौशल आधारित शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम और विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान करने के तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण से शिक्षकों और विद्यार्थियों को लाभ
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दोनों शिक्षक अपने अनुभवों एवं अर्जित ज्ञान को राज्य के अन्य शिक्षकों के साथ साझा करेंगे। इससे विद्यालयों में कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, रोजगारोन्मुख कौशल और भविष्य में करियर चयन के प्रति जागरूक बनाने में मदद मिलेगी। दोनों शिक्षकों के चयन पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आयुष कुमार तथा जिला शिक्षक शिक्षा समन्वयक मनोज कुमार ने हर्ष व्यक्त किया।


