भुगतान के बाद भी नहीं लगा सोलर, 11 वेंडरों को शो-कॉज
मुजफ्फरपुर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 11 वेंडरों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। वेंडरों ने ग्राहकों से पैसे लिए, लेकिन सोलर पैनल समय पर इंस्टॉल नहीं किया। विद्युत विभाग ने तीन दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में काम न होने पर कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर, वसं। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के नाम पर ग्राहकों से भुगतान लेकर तय समय पर काम नहीं करने के मामले में 11 वेंडरों को शो-कॉज नोटिस दिया गया है। विद्युत अधीक्षण अभियंता, पंकज राजेश ने मंगलवार को समीक्षा बैठक के बाद सभी 11 वेंडरों को शो-कॉज नोटिस जारी किया। पूर्वी डिवीजन के कार्यपालक अभियंता श्रवण कुमार ठाकुर ने बताया कि इन मामलों में उपभोक्ता और बैंक स्तर से आवश्यक राशि का भुगतान पूरा हो चुका है, इसके बावजूद अब तक सोलर पैनल का अधिष्ठापन नहीं किया गया है। विभाग ने सभी संबंधित वेंडरों को अधिकतम तीन दिनों के भीतर लंबित आवेदनों का निष्पादन करते हुए रूफटॉप सोलर पैनल लगाने का निर्देश दिया है।अधीक्षण
अभियंता ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय-सीमा में अधिष्ठापन पूरा नहीं होने पर संबंधित वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी। शो-कॉज नोटिस की प्रति जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर को भी उपलब्ध कराई गई है। विभाग ने कहा है कि उपभोक्ता और बैंक स्तर से भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वेंडर द्वारा अनावश्यक रूप से अधिष्ठापन लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। लंबित मामलों की लगातार समीक्षा की जा रही है और लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं करने वाले वेंडरों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।


