जिले में 22 केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा आज
मुजफ्फरपुर में केंद्रीय चयन परिषद द्वारा सिपाही भर्ती परीक्षा बुधवार को 22 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें लगभग 13 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को सफल बनाने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है और अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ एंट्री की अनुमति नहीं होगी।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। केंद्रीय चयन परिषद सिपाही भर्ती परीक्षा जिले के 22 केंद्रों पर बुधवार को होगी। मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षणालय गृह विभाग एवं परिवहन विभाग में क्रमशः मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पद के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया है।परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली की परीक्षा में परीक्षार्थी की रिपोर्टिंग टाइम 8 बजे है। 9 बजे तक इन्हें प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा 10 बजे से होगी। दूसरी पाली की परीक्षा में रिपोर्टिंग टाइम 1 बजे है। 2 बजे तक प्रवेश मिलेगा। 3 बजे से परीक्षा होगी।
लगभग 13 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्वच्छ शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालित करने तथा विधि व्यवस्था संधारित रखने का निर्देश दिया है। अपर समाहर्ता राजस्व को परीक्षा के सफल संचालन एवं समन्वय को लेकर नामित किया गया है।


