समाधान पोर्टल पर आई शिकायतों में 50 प्रतिशत का ही निष्पादन
मुजफ्फरपुर में नगर पालिका आम और उपचुनाव के तहत सामाधान पोर्टल पर आई 18 में से केवल 8 शिकायतों का ही निष्पादन हो सका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेजकर लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। मतदान केंद्र और मतदाता सूची संबंधी शिकायतें की गई हैं।

मुजफ्फरपुर, हिप्र। नगर पालिका आम व उपचुनाव को लेकर सामाधान पोर्टल पर आई शिकायतों में से 50 प्रतिशत का ही निष्पादन हो सका है। जिले में इस तरह की 18 शिकायतें आईं। इसमें से आठ का ही निष्पादन किया जा सका। इसको लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह डीएम को पत्र भेजा है। इसमें लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन कराने का निर्देश दिया गया है।आयोग की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मतदाता सूची, मतदान केंद्र व अन्य विषयों को लेकर समाधान पोर्टल पर शिकायत की गई।
इसका निष्पादन जिला निर्वाचन पदाधिकारी के स्तर पर किया जाना है। इसको लेकर आयोग की ओर से कई बार पत्र भेजा गया है। इसके बाद भी इसका निष्पादन नहीं हो सका है। पत्र में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन कर इसे आयोग के पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।


