लोगों के साथ मेयर ने लगाया झाड़ू, उठाया कचरा
हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर के मेयर निर्मला साहू ने स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नागरिकों के साथ मिलकर सड़कों की सफाई की। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से सफाई के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण भी किया गया। मेयर ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वच्छता का संदेश फैलाने की अपील की।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत लोगों व निगमकर्मियों के साथ मेयर निर्मला साहू ने सड़कों पर झाड़ू लगाने के साथ ही कचरा उठाया। नगर भवन से सिटी पार्क गेट और मोतीझील से कल्याणी चौराहा तक सामूहिक श्रमदान से सफाई की गई। पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधरोपण किए गए। सेल्फी प्वाइंट का भी इंतजाम था। इस अवसर पर मेयर ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से प्रकृति को हरा-भरा बनाने की अपील की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए स्वच्छता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।


