हर प्रखंड में 80 महिला नसबंदी का लक्ष्य
मुजफ्फरपुर में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत 26 सितंबर तक परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं को अस्थायी साधनों के वितरण का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें महिला नसबंदी का भी ध्यान रखा गया है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जिले में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। सोमवार से 26 सितंबर तक चलने वाले अभियान में आशा कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों के वितरण का लक्ष्य दिया गया है। वहीं, प्रत्येक प्रखंड में 80 महिला नसबंदी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
समीक्षात्मक बैठक
शनिवार को परिवार नियोजन कार्यक्रम को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला सह समीक्षात्मक बैठक हुई। इसका उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार और जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. सलीम जावेद ने किया। बैठक में जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा के साथ विशेष अभियान के दौरान निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
एक्सपेक्टेड लेवल ऑफ अचीवमेंट
निर्धारित एक्सपेक्टेड लेवल ऑफ अचीवमेंट की दी जानकारी :
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित एक्सपेक्टेड लेवल ऑफ अचीवमेंट (ईएलए) की जानकारी दी गई। इसके तहत प्रत्येक आशा को 50 कंडोम, 20 माला-एन, 20 छाया और 10 ई-पिल्स वितरित करने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं से परिवार नियोजन के साधनों के इस्तेमाल को लेकर योग्य दंपतियों को जागरूक करने और जरूरत के अनुसार साधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. सीके दास, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार पांडेय, जिला लेखा प्रबंधक बिनोद कुमार, जिला डीएमईओ राजेश कुमार, प्रभारी जिला सामुदायिक उत्प्रेरक डॉ. प्रशांत कुमार, जिला डाटा सहायक राजकिरण कुमार, पीएसआई इंडिया के मो. मंजरूर हक, राजीव कुमार व पिरामल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


