अनुसूचित जाति टोलों में 27 से लगेगा गुरु रविदास विकास शिविर
मुजफ्फरपुर में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर समरसता संकल्प अभियान की समीक्षा की। अभियान में अनुसूचित जाति टोलों में कलश यात्रा, विकास शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अनुसूचित जाति की आबादी तक पहुंचाना है।

मुजफ्फरपुर, हिप्र। जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने समाहरणालय सभागार में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत सभी अनुसूचित जाति टोलों में कलश यात्रा, गुरु संत रविदास विकास शिविर, आईईसी वाहनों से प्रचार-प्रसार और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा 18 अगस्त से शुरू होकर 20 अगस्त तक प्रखंडों तक जाएगी। सभी बीडीओ को पंचायत स्तर तक इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने को कहा। अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति की आबादी वाले टोलों में सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। 27 अगस्त से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को सभी अनुसूचित जाति की आबादी वाले टोलों में संत रविदास विकास शिविर लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने 24 अगस्त तक शिविरों का माइक्रो-प्लान मांगा। शिविरों में राशन कार्ड, उज्ज्वला, आवास, आयुष्मान भारत, नल-जल, जॉब कार्ड, जीविका, छात्रवृत्ति सहित 22 योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।


