हवाई सेवा प्रारंभ होना उद्योग-व्यापार के लिए ऐतिहासिक कदम
मुजफ्फरपुर में हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में हो रही प्रगति पर उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद ने प्रसन्नता व्यक्त की है। परिषद के अध्यक्ष ने इसे औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। पताही हवाई अड्डे के उद्घाटन का कार्यक्रम 7 सितंबर को होगा, जिससे व्यापार और निवेश के नए अवसर बढ़ेंगे।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। मुजफ्फरपुर से हवाई सेवा शुरू होने की दिशा में हो रही प्रगति पर उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद ने हर्ष जताया है। परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर भीमसेरिया ने इसे उत्तर बिहार के उद्योग, व्यापार और आर्थिक विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर परिवहन और हवाई कनेक्टिविटी जरूरी है। परिषद पिछले कई वर्षो से मुजफ्फरपुर से हवाई सेवा शुरू करने की मांग विभिन्न मंचों पर उठाती रही है। केंद्र सरकार के साथ स्थानीय सांसद और विधायकों के माध्यम से भी लगातार प्रयास किए गए।परिषद अध्यक्ष ने कहा कि जानकारी के अनुसार सात सितंबर को पताही हवाई अड्डे के उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित है।
यह पूरे उत्तर बिहार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री और सांसदों व विधायकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और आमलोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। व्यापारिक यात्राएं आसान होंगी और निवेश व रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। परिषद ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी एवं नियमित उड़ान शुरू करने की भी मांग की। इससे उत्तर बिहार के उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी।


