घर के बाहर फंदे से लटका मिला वृद्ध का शव, हत्या की आशंका
बरहज(देवरिया) में बुधवार सुबह एक वृद्ध का शव बारीपुर मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान के बीम से लटका मिला। पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। क्षेत्राधिकारी ने मामले की जांच की बात कही।
बरहज(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। भलुअनी थाना क्षेत्र के बारीपुर मंदिर के निकट बुधवार सुबह करीब सात बजे एक निर्माणाधीन मकान के बीम के सहारे वृद्ध का शव लटका मिला। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज इस मामले वृद्ध की बहू और रिश्तेदार को हिरासत में लिया है। ग्राम एकडंगा निवासी रामध्यान कुशवाहा 62 पुत्र स्व सूबेदार कुशवाहा मंदिर के निकट मकान का निर्माण करा रहे है। कुछ कमरे तैयार है, जिसमें परिवार के साथ रहते है। उनकी चौराहा पर चाय की दुकान है। मृतक रामध्यान का इकलौता बेटा जितेंद्र कुशवाहा सूरत में नौकरी करता है।
घर पर उसकी पत्नी गुड़िया रहती थी। सुबह उनका शव फंदे में लटका देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो बहू भी घर से निकली। उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर छोटे भाई बाबूलाल कुशवाहा और आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जताई।
पुलिस को फाड़ना पड़ा पंचनामा
पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंचनामा में खुदकशी की बात लिखी तो छोटे भाई और आसपास के लोगों ने मामले की जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर विरोध जताया। विरोध बढ़ता देख पुलिस ने पंचनामा फाड़ दिया और जांच की बात कह लोगों को शांत किया। करीब आधे घंटे तक मौके पर लोगों का विरोध चलता रहा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी का बयान
पुलिस क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान ने कहा कि बारीपुर में एक व्यक्ति का शव मिला है। प्रथम दृष्टा मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति क्लियर होगी


