खेत में मिला मजदूर का शव, पत्नी ने संवेदक पर लगाया हत्या का आरोप
कसमार थाना क्षेत्र के जामकुदर और बगियारी गांव के बीच महली कनारी खेत से 45 वर्षीय मजदूर अशोक रजवार का शव मिला है। उसकी पत्नी ने एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग कंपनी के संवेदक पर हत्या की आशंका जताई है। मृतक के परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कसमार, प्रतिनिधि। कसमार थाना क्षेत्र के जामकुदर और बगियारी गांव के बीच महली कनारी खेत से शनिवार को पुलिस ने 45 वर्षीय मजदूर अशोक रजवार का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना पर कसमार पुलिस के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक बगियारी गांव का रहने वाला था। मृतक की पत्नी ने कसमार थाना में लिखित आवेदन देकर कोलकाता वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य से जुड़ी एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग कंपनी के चैनल नंबर 373 के संवेदक पर पति की हत्या की आशंका जताई है। आवेदन में कहा गया है कि अशोक करीब 15-20 दिन पहले संवेदक के पास काम मांगने गया था।
इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि संवेदक ने अशोक के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की तथा जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों के अनुसार, संवेदक की शिकायत के बाद उस उस समय पुलिस अशोक को थाने लेकर गई थी और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। कुछ दिन बाद वह दोबारा काम मांगने संवेदक के पास गया। आरोप है कि इस दौरान भी उसे कथित तौर पर धमकी देकर वहां से भगा दिया गया। परिजनों ने बताया कि अशोक अपने दामाद के निधन के बाद श्राद्धकर्म में शामिल होने गया था। 11 अगस्त को श्राद्धकर्म में शामिल होने के बाद वह वापस लौट रहा था। 12 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे उसके बहादुरपुर पहुंचने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी बीच 15 अगस्त को करीब 10 बजे ग्रामीणों से परिजनों को सूचना मिली कि बगियारी के महली कनारी खेत में अशोक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देर शाम तक ग्रामीणों ने शव उठाने से पुलिस को रोके रखा। बाद में कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी एक-एक बिंदु पर पुलिस गहनता से जांच कर रही है। अशोक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


