छोटे भाई की पत्नी की हत्या के बाद खुद लगा ली फांसी
मिर्जापुर के बेलहा तेंदुहनी गांव में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते छोटे भाई की पत्नी की लाठी से पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी पहले से दहेज हत्या के मामले में जेल में रह चुका था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मिर्जापुर, संवाददाता। लालगंज थाना क्षेत्र के बेलहा तेंदुहनी गांव में रविवार की रात पारीवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने छोटे भाई की पत्नी की लाठी डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद खुद भी घर से 500 मीटर दूर बगीचे में पेड़ की डाली में फंदा बांध फांसी लगा ली। आरोपी दहेज हत्या में नौ साल जेल में बंद रहा। एक साल पहले ही जेल से छूटा था। पुलिस दोनों शव कब्जे में लेकर घटना की जांच में जुट गई है। लालगंज थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि बेलहा तेंदुहनी गांव निवासी 26 वर्षीय संगीता पत्नी ननकू रविवार की शाम घर पर मौजूद थीं।
इसी दौरान किसी बात को लेकर जेठ छोटेलाल उर्फ कलक्टर से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि छोटेलाल ने संगीता की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद घर से 500 मीटर दूर बगीचे में आम के पेड़ की डाली में रस्सी बांध फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि संगीता के भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर लिया है।


