फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप
सिरदला थाना क्षेत्र के भलुआ गांव में 28 वर्षीय हेमलता देवी का शव पंखे से लटका हुआ मिला। मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पति का काम चेन्नई में है और वह हाल ही में गांव से गया था। मामले की जांच करने के लिए पुलिस पहुंच गई है।

सिरदला थाना क्षेत्र की चौबे पंचायत के भलुआ गांव में मंगलवार की सुबह अनिश कुमार की पत्नी 28 वर्षीय हेमलता देवी का शव बरामद किया गया। घर के बंद कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे विवाहिता का शव लटका हुआ मिला। यह खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में गांव के लोगों की भीड़ वहां जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका का चार वर्षीय पुत्र अपनी मां को उठाने के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाने लगा। काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आई। तब सास ने भी दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देख परिजन भौंचक रह गए। हेमलता का शव पंखे से लटक रहा था। उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस बीच किसी ग्रामीण ने मृतका के मायके के परिवारवालों को सूचित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर परनाडाबर थाना क्षेत्र के हरनारायणपुर गांव निवासी मृतका के पिता दिनेश प्रसाद, माता किरण देवी और भाई रौशन कुमार वहां पहुंच गए। मामले की जानकारी सिरदला थाना की पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वर्ष 2022 में हुई थी हेमलता की शादी
घटना की जानकारी पाकर भलुआ गांव पहुंचे मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा कि पति अनिश कुमार, सास, ससुर और ननद दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार हेमलता को प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज की रकम नहीं देने पर वारदात को अंजाम दिया गया है। परिजनों का कहना है कि पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी शादी हुई थी और उसका एक चार वर्षीय पुत्र है। भाई ने यह भी दावा किया है कि हेमलता तीन माह की गर्भवती थी।
सोमवार की रात भाई से की थी बात
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब नौ बजे भाई से उसकी फोन पर बातचीत हुई थी। वह मानसिक रूप से परेशान थी, लेकिन खुलकर कुछ नहीं बता सकी। वहीं, ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि सोमवार शाम ब्लूटूथ ईयरफोन को लेकर हेमलता और उसके ससुर के बीच हल्की कहासुनी हुई थी। मृतका का पति चेन्नई में नौकरी करता है और करीब दस दिन पहले ही गांव से वापस गया था।
घटना से परिजन हुए आक्रोशित
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने घर में रखे डेकोरेशन के सामान को तोड़ना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद सिरदला थाना के चौकीदार महेंद्र प्रसाद ने सरकारी जांच पूरी होने तक सामान नहीं तोड़ने की अपील की। तोड़फोड़ के चलते कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस और ग्रामीणों ने स्थिति को नियंत्रित किया। सूचना मिलने पर सब-इंस्पेक्टर दिनेश पासवान, डायल-112 टीम के एएसआई बिनोद प्रसाद पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। इस बीच नवादा से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टा शव पर फांसी के निशान मिले हैं, लेकिन यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला था। थानाध्यक्ष ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


