हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने कई जगहों पर दी दबिश
बैतालपुर(देवरिया), हिंदुस्तान टीम। सदर कोतवाली के गोरखपुर रोड स्थित शर्मा ढाबा के पास हुए

बैतालपुर(देवरिया), हिंदुस्तान टीम। सदर कोतवाली के गोरखपुर रोड स्थित शर्मा ढाबा के पास हुए हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान गुरुवार की रात मौत हो गई। शव को कोतवाली पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही घर पहुंचा कोहराम मच गया। उधर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है。
हमले की जानकारी
बैतालपुर उपनगर के रामनगर मोहल्ले के रहने वाले रामशरण सिंह 17 अगस्त की रात अपने साथी गौरीबाजार के बलुआ निवासी अमित कुमार शर्मा के साथ कार से देवरिया से बैतालपुर जा रहे थे। शर्मा ढाबा के पास उतर कर लघुशंका करने लगे। इस बीच कुछ युवक आए और पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से दोनों लोगों पर हमला बोल दिया। जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में पुलिस रामशरण की तहरीर पर बेलडरिया निवासी अशोक यादव, विपुल व सात अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच कर रही थी। इसी बीच गुरुवार की रात इलाज के दौरान अमित कुमार की मौत हो गई। परिजन शव लेकर देवरिया पहुंची और कोतवाली पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दी। दो चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। दिन भर पोस्टमार्टम पर लोगों की भीड़ जुटी रही। कोतवाल शशिभूषण राय ने बताया कि पहले से दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे की धारा में बदलाव कर दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
परिवार में कोहराम
दिन भर परिवार में मचा रहा कोहराम
अमित कुमार के पिता सेना के सेवानिवृत्त जवान हैं। जबकि अमित दो भाईयों में सबसे छोटे थे। मौत की सूचना मिलते ही भाई सतीश कुमार दहाड़ मारकर रोने लगा। वहीं बहन का भी रोते-रोते बुरा हाल हो गया था। वह रोते-रोते बस एक ही बात कह रही थी कि रक्षाबंधन के पहले ही हत्यारों ने मेरे भाई को मुझसे छीन लिया। उनको फांसी की सजा होनी चाहिए। बहन के चीत्कार को सुन सभी का कलेजा फटा जा रहा था। बहन को रोता देख वहां मौजूद अन्य लोगों की भी आंखें भर आ रही थी।
गैंग की भूमिका
गैंग चलाने वाले बताए जा रहे हैं आरोपी
इन दिनों जिले में युवाओं के कई गैंग संचालित हो रहे हैं, जो आए दिन लोगों पर छोटी-छोटी बातों को लेकर हमला बोल रहे हैं। इन गैंग के बारे में बताया जा रहा है कि यह वाट्सएप से संचालित होते हैं। कहीं भी गैंग के सदस्य से कोई विवाद होता है ता यह वाट्सएप पर एक मैसेज करते हैं और पूरा गैंग चंद मिनट में मौके पर पहुंच जाता है। इसके बाद लोगों की पिटाई करते हैं और फिर फरार हो जाते हैं। यह गैंग चर्चित बताया जा रहा है।


