तारामणि हत्याकांड का आरोपी सामेल गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद
पालकोट के तपकरा खटगांव में 35 वर्षीय तारामणि केरकेट्टा की हत्या का मामला। पुलिस ने आरोपी सामेल डुंगडुंग को गिरफ्तार किया, जिसने हत्या की बात स्वीकार की। जमीन विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोपी ने टांगी से वार करके हत्या की और फिर फरार हो गया।

पालकोट, प्रतिनिधि। पालकोट थाना क्षेत्र के तपकरा खटगांव में 35 वर्षीय तारामणि केरकेट्टा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सामेल डुंगडुंग को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका के परिवार से उसका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को खेत जाने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोपी के मुताबिक, शाम में घर लौटते समय उसने खट गांव स्कूल के पास तारामणि केरकेट्टा को अकेले बर्तन धोते देखा।
इसी दौरान उसने टांगी से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


