मुजफ्फरनगर : फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या
मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक सुरक्षा गार्ड, सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामला पारिवारिक रंजिश से जुड़ा है, जब उसका बेटा एक लड़की को लेकर फरार हुआ। हत्या के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की है। एसएसपी ने घटना स्थल का दौरा किया और आरोपी की तलाश जारी है।
मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ाना पीनना मार्ग के बीच प्राइवेट फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी छाती में गोली मारी गई थी। वारदात की जानकारी मिलते ही एसएसपी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि सुरक्षा गार्ड का बेटा कुछ दिन पहले गांव की एक लड़की को लेकर फरार हो गया था तभी से ही दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही है। थाना क्षेत्र के गांव किनौनी निवासी 50 वर्षीय सुभाष बुढ़ाना मोड़ स्थित प्राइवेट फैक्ट्री पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। मंगलवार को वह साइकिल से फैक्ट्री पर आ रहा था।
बुढ़ाना-पीनना मार्ग के बीच अज्ञात हमलावरों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात की जानकारी मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि एक माह पूर्व सुभाष का बेटा आकाश गांव के ही रहने वाले हरिओम की बेटी को लेकर फरार हो गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस में युवती को बरामद करते हुए आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वर्तमान में युवती मेरठ नारी निकेतन है जबकि आकाश जेल मे बंद है। तभी से ही दोनों परिवारों के बीच मतभेद चले आ रहे थे। दो दिन पहले भी दोनों परिवार में समझौते के लिए पंचायत हुई थी। पुलिस किसी रंजिश में सुभाष की हत्या होना मान रही है। वारदात के खुलासे के लिए टीमें गठित की गई है।

