कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिजन ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मुंगेर के वासुदेवपुर थानाक्षेत्र के चुरंबा गांव में एक विवाहिता तमन्ना परवीन का शव फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।

मुंगेर, निज संवाददाता। वासुदेवपुर थानाक्षेत्र के चुरंबा गांव में शनिवार की सुबह फंदे से लटके एक विवाहिता का शव बरामद किया गया। परिजन ने दहेज की मांग पूरी न होने पर 25 वर्षीय विवाहिता तमन्ना परवीन की हत्या करने और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को कमरे में फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतका के मायके वालों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।
बुलेट और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग:
मृतका तमन्ना परवीन का मायका चुरंबा में ही है। मृतका के पिता मुन्ना खां ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि, पांच वर्ष पूर्व अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज देकर तमन्ना का निकाह नुरउद्दीन के पुत्र मो. सैफ अली से किया था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। सैफ के विदेश जाने के नाम पर भी रुपयों का दबाव बनाया गया। असमर्थता जताने पर पीड़िता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पति के विदेश जाने के बाद सास, ससुर और देवर मिलकर उसे लगातार परेशान कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि, मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने साजिश के तहत तमन्ना की हत्या की और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटका दिया। इस दुखद घटना के बाद तमन्ना की तीन साल की मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है। इधर सूचना मिलते ही वासुदेवपुर और पूरबसराय थाने की पुलिस फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम के साथ मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
बोले थानाध्यक्ष:
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर गहराई से तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अजय कुमार, थानाध्यक्ष, वासुदेवपुर थाना


