बिजनौर के युवक के कातिल पकड़ में नहीं आ रहे
बिजनौर के मोहसिन की बेरहमी से हत्या के पांच दिन बीत जाने के बाद भी कातिल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। परिजनों ने अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मोहसिन की हत्या रंगदारी मांगने के कारण हुई, जबकि पुलिस ने कातिलों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने का दावा किया है।

बिजनौर के युवक की बेरहमी के साथ पीट पीटकर हत्या करने वाले कातिल पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पा रहे हैं, जिससे अपनी जानमाल की सुरक्षा को लेकर भयभीत चल रहे परिजनों ने आला अफसरों से गुहार लगाई है। जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर क्षेत्र के गांव बीबीपुरा बास्टा निवासी महबूब के 32 वर्षीय मजदूर बेटे मोहसिन की सोमवार को बेरहमी से पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना उस दौरान हुई थी, जब वह बस में सवार होकर गाजियाबाद स्थित ससुराल से अपनी पत्नी रुबीना खातून और बेटे बेटी को लेने जा रहा था। अति व्यस्तम दिल्ली लखनऊ नेशनल हाईवे किनारे गांव सरूरपुर के सामने शाम करीब चार बजे बस एक ढाबे पर रुकी थी। जहां अन्य सवारियों के साथ मोहसिन भी लघुशंका के लिए नीचे उतर गया था। इसी दौरान पीछे से कार में सवार होकर आए गांव के ही तीन लोगों ने मोहसिन को घेरकर लाठी डंडों से हमला कर दिया था। इस घटना में बुरी तरह घायल हुए मोहसिन को डायल 112 पुलिस ने गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया था, परंतु हालत बेहद नाजुक होती देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ को रेफर कर दिया था। मेरठ के अस्पताल में पहुंचने से पहले मोहसिन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। मृतक के भाई नईम ने गांव के ही नवाब, फिरोज और उस्मान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें रंगदारी की मांग पूरी न होने पर मोहसिन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है。
--कातिलों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
ठेली पर फल बेचकर अपने परिवार की गुजर बसर करने वाले मोहसिन की निर्ममता के साथ हत्या करने वाले कातिलों की पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि नामजद कातिलों की गिरफ्तारी करने की बजाए पुलिस महज दबिश देकर अपने दायित्व से पल्ला झाडऩे तक सीमित चल रही है।
--मृतक के परिजनों ने लगाई आला अफसरों से गुहार
मृतक की पत्नी रुबीना खातून अपने ससुर नवाब और जेठ नईम समेत कई परिजनों को साथ लेकर मेरठ पहुंची, जिसने डीआईजी को दुखड़ा सुनाते हुए अपनी जानमाल की सुरक्षा को खतरा बताकर कातिलों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई कराए जाने की गुहार लगाई है।
--क्या कहते हैं अधिकारी
सीओ राहुल यादव का कहना है कि मोहसिन के कातिलों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम गठित की हुई हैं, जो संभावित स्थानों समेत रिश्तेदारियों में दबिश देकर बहुत जल्द कातिलों को गिरफ्तार कर लेंगी।


