सैदाबाद पंचायत में दहेज के लिए विवाहित की गला दबाकर हत्या
मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज में चार चक्का गाड़ी नहीं देने पर कर दी गई हत्या घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले घर में ताला लगाकर गांव छोड़ फरार हो गए

राघोपुर । संवाद सूत्र राघोपुर थाना क्षेत्र के सैदाबाद पंचायत में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। मृत महिला सैदाबाद पंचायत के रहने वाले गोपाल राय के 30 वर्षीय पत्नी बिंदी कुमारी थी। उसके मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज में चार चक्का गाड़ी नहीं देने पर ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी है। मृतका के स्वजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही राघोपुर थाने के पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। और मामले के जांच-पड़ताल में जुट गई। घटना को अंजाम देने के बाद मृत महिला की ससुराल वालों ने घर में ताला लगाया और फरार हो गए। वहीं स्वजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
हत्या का कारण
मृत महिला के भाई बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर सैदली निवासी राजेश कुमार ने बताया कि हम अपनी बहन की शादी 2016 में सैदाबाद पंचायत निवासी गौरीशंकर राय के पुत्र गोपाल राय के साथ हिंदू रीति रिवाज से किए थे। दहेज में जो मांगा गया था, वह सब पूरा किया। शादी के 2 साल बाद से चार चक्का गाड़ी की मांग ससुराल वाले करने लगे, बीच में भी विवाद किया था तो जाकर पंचायती के द्वारा समझा बुझा दिया गया था। उसके बावजूद वह लोग मानने को तैयार नहीं थे।
पुलिस की कार्रवाई
गुरुवार की दोपहर इस गांव में मेरा एक रिश्तेदार रहता है। उनके द्वारा जानकारी दी गई कि आपकी बहन को ससुराल वाले मिलकर गला दबाकर हत्या करके फेंकने जा रहे हैं। इसी बीच हम राघोपुर थाने की पुलिस को सूचना दिए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि मृत महिला बहन में अकेली थी। उसके चार भाई हैं। मृतिका को दो लड़की, एक लड़का है। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि सैदाबाद पंचायत में एक विवाहित महिला की हत्या कर दी गई है। मृतका के परिजनों द्वारा थाने में आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रमेश भगत


