युवक की पत्थर से सिर कूचकर हत्या, शव रेललाइन किनारे फेंका
अशोक राय (38) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव बेनीपुर रेलवे हॉल्ट के पास मिला, जहां अन्य साक्ष्यों के साथ उसकी बाइक और मोबाइल भी पाए गए। परिजनों ने बताया कि वह सब्जी खरीदने के बाद लौटे थे। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के जरिए जांच कर रही है।

औराई, एसं। बेदौल असली निवासी अशोक राय (38) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव को जनार पंचायत स्थित बेनीपुर रेलवे हॉल्ट से महज दो सौ मीटर दूर रेललाइन किनारे फेंक दिया। अशोक का सिर खून से सना था। शव के पास से पत्थर मिला है। युवक के शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरे जख्म के निशान थे। अशोक मंगलवार की शाम घर से निकला था। बुधवार की सुबह टहलने व दौड़ने निकले युवाओं ने शव देखकर शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल के पास ही युवक की बाइक और मोबाइल पड़ा हुआ था। सूचना पर सुबह छह बजे औराई और बेदौल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। एफएसएल ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया。
परिजनों की जानकारी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अशोक राय मंगलवार की शाम छह बजे सब्जी खरीदकर घर लौटा, फिर करीब साढ़े छह बजे कहीं निकले थे। पत्नी नूतन देवी से रात करीब 9.20 बजे कॉल कर जल्द घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। बुधवार की सुबह बेनीपुर रेलवे हॉल्ट के समीप शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने पहुंचकर शव की पहचान की। अशोक को दो बेटे हैं। इस मौके पर इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा, थानेदार सुनील कुमार, मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस बल मौजूद रहे।
पुलिस का बयान
थानेदार ने बताया कि बदमाशों तक पहुंचने के लिए मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन और टावर डंपिंग की मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।


