पंजाब में बेअदबी मामले के आरोपी की हत्या
पंजाब में 2020 के बेअदबी मामले के आरोपी मेवा सिंह की हत्या कर दी गई। वह हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। घटना मंडी गोबिंदगढ़ के लाडपुर तूरां गांव में हुई जहां अज्ञात हमलावर ने तेज धार वाले हथियार से कई बार वार किए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

- हाल ही में जमानत पर बाहर आया था मृतक फतेहगढ़ साहिब, एजेंसी। पंजाब में 2020 के एक बेअदबी (धारमिक ग्रंथ के अपमान) मामले के आरोपी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह हाल में ही जमानत पर रिहा हुआ था।
हत्या का विवरण
पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय मेवा सिंह की सोमवार आधी रात को मंडी गोबिंदगढ़ के निकट लाडपुर तूरां गांव में उनके घर में एक अज्ञात हमलावर ने हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हमला इतना भीषण था कि मेवा सिंह की मौके पर ही दमतोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस उपाधीक्षक बिक्रमजीत सिंह घुम्मन ने कहा कि मृतक पर तेज धार वाले हथियार से कई हमले किए गए, लेकिन उनका सिर नहीं काटा गया। इससे पहले दावा किया जा रहा था कि सिर धड़ से अलग कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है और हत्या के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मेवा सिंह वर्ष 2020 में लाडपुर तूरां गांव के एक गुरुद्वारे में हुई बेअदबी की घटना के मामले में आरोपी था।


