संभावित घटनास्थल पर सुराग तलाश करने पहुंची पुलिस
राजू का शव मुरादीपुर नहर पुलिया के पास मिलने के बाद पुलिस हत्या की संभावनाओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में पवन को राजू के साथ बाइक पर देखा गया है। पवन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है और मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। विधायक ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिया है।

औंग। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर नहर पुलिया के पास राजू का शव मिलने के बाद पुलिस हत्या वाले संभावित घटनास्थल की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मानकर चल रही है कि पवन ने राजू की हत्या बकेवर थाना क्षेत्र में की है। इसके बाद शव को नहर में फेंका है। शव बहते हुए मुरादीपुर तक पहुंचा है। औंग थाना के बीकमपुर गाँव में रक्तपात मचाने वाले पवन विश्वकर्मा ने बेटे के लिए लड़की दिखाने का झांसा देकर बीकमपुर से करीब 22 किमी दूर भैंसौली की ओर ले गया था। सिकठिया में शराब ठेके के सीसीटीवी कैमरे में राजू के साथ वह बाइक से नहर की ओर जाते दिखा है। इसके बाद वह नहर पटरी में किस स्थान पर पहुंचा इसकी सटीक जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है। रविवार को पुलिस टीम नहर पटरी किनारे मुसाफा से भैंसौली तक सुराग तलाश करती रही। पुलिस खोज रही थी कि शायद कहीं शराब की बोतल, खाली गिलास या कुछ ऐसा मिल जाए जिससे यह पुष्ट किया जा सके कि राजू की हत्या नहर किनारे किस स्थान पर की गई है। थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने बताया कि पुलिस टीम नहर पटरी पर जांच करने के लिये पहुंची थी।
क्राइम ब्रांच करेगी मामले की जांच
राजू की हत्या करने के बाद उसके घर पहुंच उसके तीन बेटों सहित पांच लोगों पर बांके से वार करने वाले पवन की भी खूनी संघर्ष के दौरान मौत हो गई थी। राजू की पत्नी विमलेश की तहरीर पर औंग थाने में पवन के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस को मामले में साक्ष्य संकलित कर फाइनल रिपोर्ट लगानी है। कागजी लिखापढ़ी अधिक होने के चलते मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
विधायक ने गांव पहुंच दिलाया मदद का भरोसा
क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र पटेल रविवार को एक बार फिर से बीकमपुर गाँव पहुंचे। पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। उधर मेडिकल कालेज में भर्ती घायल प्रदीप, खाटू, गोरे, राजेश और बुद्धा की हालत में सुधार है। डाक्टरों ने बताया कि आज यानी सोमवार को घायलों की अस्पताल से छुट्टी हो सकती है।


