हत्या के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर फेंका गया था महिला का शव
- रविवार को झाड़ियों में मिला था महिला का शव -पोस्टमार्टम में महिला के

गोसाईंगंज में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के किनारे झाड़ियों में रविवार को 50 साल की महिला का शव मिला था। महिला का सिर फटा हुआ था। वीडियोग्राफी के बीच और पैनल के जरिए हुए शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए गए थे। पोस्टमार्टम के आधार पर पुलिस महिला की हत्या कर शव फेंके जाने की बात की पुष्टि कर रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त और आरोपियों की तलाश की जा रही है। गोसाईंगंज में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के नीचे आदमपुर नौबस्ता गांव के पास रविवार देर शाम महिला (50) का शव मिला था। महिला का सिर फटा हुआ था। शरीर पर लाल कुर्ता, काला सलवार था। गले में सफेद दुपट्टा पड़ा था। आशंका जताई गई थी कि महिला की हत्या करने के बाद शव एक्सप्रेस वे से नीचे फेंका गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। साथ ही महिला की फोटो, हुलिया आदि कई जिलों के थानों में भेजी गई थी.
पोस्टमार्टम में सिर की हड्डी टूटी मिली
फिलहाल महिला की शनिवार तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। उधर, डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ अब पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि महिला के सिर पर भारी वस्तु से हमला किया गया था। इससे महिला के सिर की हड्डियां टूट गईं। साथ ही शरीर पर 10 से 12 जगह चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट और शरीर पर घावों से महिला की बर्बरता से हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
छह दिन बाद भी हाथ खाली
गोसाईंगंज पुलिस रविवार को शव मिलने के बाद से लगातार पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के टोल से लेकर अन्य जगह पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शिनाख्त के लिए कई जिलों में मृत महिला की फोटो आदि भेजा गया है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ हत्यारे नहीं आ सके हैं। गोसाईंगंज इंस्पेक्टर डीके सिंह का कहना है कि पुलिस की कई टीम महिला की शिनाख्त और हत्यारों की धरपकड़ के लिए जुटी हुई हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।


