शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद ग्रामीण की पीटकर हत्या
पीलीभीत के ग्राम सिसईया में एक मामूली कहासुनी के बाद कन्हई लाल और उसके परिजनों ने संजय कुमार उर्फ छोटेलाल की बेरहमी से पिटाई की। संजय की भांजी और अन्य महिलाओं को भी मारपीट का शिकार होना पड़ा। गंभीर रूप से घायल संजय को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही है।
पीलीभीत। थाना बरखेड़ा क्षेत्र की करोड़ चौकी के ग्राम सिसईया में शनिवार शाम मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि कन्हई लाल और उसके परिजनों ने 38 वर्षीय संजय कुमार उर्फ छोटेलाल को बाइक से खींचकर अपने घर में ले गए और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। संजय को बचाने पहुंचीं उसकी भतीजी, परिवार की अन्य महिलाओं और दो नाबालिग बच्चियों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। गंभीर रूप से घायल संजय ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। तनाव के चलते गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की बहन मंजू देवी के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे उसका 28 वर्षीय भाई संजय बाइक से पड़ोसी गांव भूड़ा जा रहा था। कन्हई लाल के घर के सामने पहुंचने पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्हई लाल और उसके परिजनों ने संजय को बाइक से खींच लिया और थप्पड़, लात-घूंसों से पीटने के बाद उसकी बाइक भी अपने कब्जे में ले ली। संजय किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना बताई। उस समय घर के पुरुष मौजूद नहीं थे। परिवार की महिलाएं संजय को लेकर बाइक वापस मांगने आरोपियों के घर पहुंचीं। आरोप है कि महिलाओं को देखकर कन्हई लाल, उसके बेटे वीरपाल और अन्य लोग भड़क उठे। उन्होंने संजय को जबरन घर के अंदर खींच लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। संजय को बचाने पहुंचीं उसकी भतीजी और अन्य महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। हमले में दो नाबालिग बच्चियां भी घायल हुईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संजय को किसी तरह छुड़ाया। गंभीर हालत में उसे घर लाया गया, जहां वह बेहोश था। परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने डायल 112 की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद पुलिस समय से नहीं पहुंची। इसी का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। मृतक की पत्नी ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह शराब के नशे से जुड़ी होने की बात सामने आई है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है।


