रियासत हत्याकांड़ में फरार चल रहे आरोपियों पर धमकी देने का आरोप
बागपत के शमशेर ने बताया कि उसके भाई रियासत की हत्या 23 नवंबर 2025 को की गई थी। मामले में उसकी पत्नी साइन और प्रेमी सारिम की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। शमशेर को अज्ञात नंबर से धमकी मिली है कि यदि आरोपी कलीम को जेल से नहीं छुड़वाया गया, तो उसकी भी हत्या कर दी जाएगी।

बागपत। गाजियाबाद जिले के लोनी निवासी शमशेर ने बताया कि उसके भाई रियासत की 23 नवंबर 2025 की रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इसमें रियासत की पत्नी साइन, उसके प्रेमी सारिम उर्फ कटा और पड़ोसी कलीम उर्फ कल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। बताया कि पुलिस ने हत्यारोपी कलीम उर्फ कल्लू को तो तभी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि हत्यारोपी पत्नी साइन और सारिम उर्फ कटा गिरफ्तार नहीं किए गए। आरोप लगाया कि गत 16 जून को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से काल आई। काल करने वाले ने धमकी दी कि यदि कलीम उर्फ कल्लू को जेल से नहीं छुड़वाया, तो तेरी भी हत्या कर दी जाएगी।
पीड़ित ने कोतवाली पर तहरीर देते हुए दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। उसका आरोप है कि यह धमकी फरार आरोपियों ने ही दिलवाई है। एसएसआई रजनीश यादव ने बताया कि शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू करा दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।


