मकई की खेत में लगाए गए नंगे तार से सटकर मौत मामले में आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर के पलामू जिले के सरईडीह गांव में संदीप भुइयां की मौत नंगे बिजली तार की चपेट में आने से हुई। पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपी 57 वर्षीय ललन भुइयां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ललन ने अपनी खेत को नीलगाय से बचाने के लिए नंगे तार लगाया था। दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

छतरपुर, प्रतिनिधि। पलामू जिले के नौडीहा थाना क्षेत्र के सरईडीह गांव के टोला फटिया निवासी संदीप भुइयां की मकई के खेत में नंगे बिजली तार की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त 57 वर्षीय ललन भुइयां को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में पलामू सेंट्रल जेल भेज दिया है। ललन भुइयां चराई पंचायत के ऊपरलीटाड़ का रहने वाला है। नौडीहा के थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में अनुसंधान के दौरान जानकारी सामने आई कि ललन भुइयां ने अपनी बारी में मकई की फसल लगाई थी। फसल को नीलगाय से बचाने के लिए उसने खेत को सिंगल फेज बिजली के नंगे तार से घेर दिया था।
तार को खंभे और बिजली पोल के सहारे लगाया गया था। इसी दौरान घटना वाले दिन संदीप भुइयां खेत में पहुंचा और नंगे बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अनुसंधान के आधार पर मामले में ललन भुइयां को गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

