बुलंदशहर: ऑटो हड़पने के लिए की थी जान मोहम्मद की हत्या, मुठभेड़ में गिरफ्तार
खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव गवां में ऑटो हड़पने के लिए हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। आरोपी लोकेश ने जान मोहम्मद की हत्या की थी, और उसके पास से अवैध हथियार और मृतक का फोन बरामद हुआ है। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और जेल भेजा जाएगा।
खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव गवां में ऑटो हड़पने के लिए हत्या करने वाला पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पास से अवैध असलाह और मृतक का फोन बरामद किया गया है। सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि बुधवार को थाना खुर्जा देहात पुलिस और स्वाट टीम देहात ग्राम मूड़ाखेड़ा से ग्राम गवां जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखायी दिया। पुलिस द्वारा रोकने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से की गयी जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान लोकेश पुत्र जयपाल निवासी ग्राम गवां थाना खुर्जा देहात जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई हैं। घायल बदमाश को सीएचसी खुर्जा में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लोकेश ने विगत 12 जुलाई को थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के ग्राम गवां में जान मोहम्मद की हत्या करने की घटना की थी। जिसके संबंध में थाना खुर्जा देहात पर मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में हत्यारोपी ने बताया कि वह पूर्व में ऑटो चलाने का कार्य करता था। उसका ऑटो कुछ समय पूर्व दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कारण थाना खुर्जा नगर परिसर में खड़ा था। इसी कारण उसने ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर जान मोहम्मद का ऑटो हड़पने तथा उस पर अपने क्षतिग्रस्त ऑटो की नंबर प्लेट लगाकर संचालन करने की योजना बनाई। योजना के तहत उसने ग्राम गवां में जान मोहम्मद की हत्या कर दी तथा घटना के उपरांत ऑटो को उसी गांव में खड़ा कर दिया। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


