हरिद्वार में दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष पर केस दर्ज
हरिद्वार में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत में दूसरी शादी की धमकी का भी जिक्र है। 27 सितंबर को उसे जहर खाने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मामले में मृतका के पिता पुलिस से शिकायत कर उसके पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज की मांग करने और बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत में दूसरी शादी करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
मृतका की पहचान
पुलिस के अनुसार, रावली महदूद निवासी राकेश पुत्र स्व चमन ने शिकायत पत्र देकर बताया कि उसकी बेटी सोनिया का विवाह पांच साल पहले रोशनाबाद पाल मार्केट निवासी जितेंद्र पुत्र बबलू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति जितेंद्र, उसके पिता बबलू, मां रेखा और चचेरे भाई नरेंद्र कम दहेज लाने को लेकर सोनिया को परेशान करते थे। पिछले एक वर्ष से उस पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि ऐसा नहीं करने पर जितेंद्र दूसरी शादी कराने की धमकी देता था।
घटना का विवरण
आरोप है कि 27 सितंबर की सुबह परिजनों को सोनिया के जहर खाने की सूचना मिली। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर भूमानंद अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान भी ससुराल पक्ष के लोगों ने इलाज में बाधा डालने का प्रयास किया। वहीं एसओ अजय शाह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

