प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप, केस दर्ज
शक्तिनगर, हिंदुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीना में परियोजना कर्मी के सड़क

शक्तिनगर, हिंदुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीना में परियोजना कर्मी के सड़क के किनारे मिले शव मामले में पिता ने उसकी पत्नी और प्रेमी तथा अन्य लोगों पर पर हत्या का आरोप लगाया है। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सड़क के किनारे फेंककर दुर्घटना का रूप देने का भी आरोप पिता ने लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पत्नी, प्रेमी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।शक्तिनगर के एनसीएल बीना परियोजना में तैनात सीनियर ओवरमैन 40 वर्षीय रमाशंकर मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा की 22 अगस्त को परियोजना कालोनी में सड़क के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला था।
इस मामले में मृतक केपिता रामयश मिश्रा ने गुरुवार को शक्तिनगर थाने में तहरीर दी। तहरीर के माध्यम से आरोप लगाया कि उनका पुत्र रमाशंकर मिश्रा एनसीएल बीना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत था। वह आवासीय परिसर बी- 264 में अपनी पत्नी प्रियंका मिश्रा एवं अपनी दो बच्चियों के साथ रहता था। बताया कि उन्होंने बीते 22 अगस्त को लगभग साढे़ बजे पुत्र रमाशंकर मिश्रा के मोबाइल पर फोन किया। बातचीत के दौरान पुत्र काफी दुखी और परेशान था। पुत्र द्वारा बताया गया कि उसकी पत्नी प्रियंका मिश्रा का अवैध संबंध विकास चौहान के साथ है। विकास चौहान घर में पुत्र के न रहने पर आए दिन आता जाता था। बताया कि उसके साथ कुछ गुंडे किस्म के लड़के भी रहते हैं। बताया कि पुत्र द्वारा किसी अप्रिय घटना करने की भी बात कही गई थी। एक दिन बाद बीते 23 अगस्त को उन्हें अपने पुत्र रमाशंकर मिश्रा के साथ घटित घटना की जानकारी प्राप्त हुई। मृतक के पिता ने पत्नी प्रियंका मिश्रा एवं प्रेमी विकास चौहान द्वारा अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर घर में हत्या करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं हत्या के बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिए जाने के प्रयास का भी आरोप लगाया है। शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येन्द्र राय ने बताया कि मृतक परियोजना कर्मी के पिता रामयश मिश्रा की तहरीर पर आरोपी पत्नी प्रियंका मिश्रा, प्रेमी विकास चौहान और अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश भी दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


