गम और गुस्से के बीच किया ननका का अंतिम संस्कार
हिन्दुस्तान, कौशाम्बी
ज्ञान सरोज के 16 वर्षीय बेटे ननका का शव गांव के बाहर बाग में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने यादव बिरादरी पर हत्या का आरोप लगाया और अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। आखिरकार, पुलिस प्रशासन के आश्वासन पर अंतिम संस्कार करवाया गया। मामले की जांच की जाएगी।

करारी थाना क्षेत्र के बैशकांटी निवासी ज्ञान सरोज मजदूरी करते हैं। बुधवार को उनके 16 वर्षीय पुत्र ननका का गांव के बाहर स्थित बाग में फंदे से लटका शव मिला था। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। आरोप लगाया कि यादव बिरादरी के एक परिवार ने ननका की हत्या कर शव फंदे से लटकाया है। देर रात तक मान-मनौव्वल के बाद भी वह अंतिम संस्कार के लिए राजी नहीं हुए। शुक्रवार को डीएसपी मंझनपुर सौरभ सामंत व डीएसपी चायल शिवांक सिंह एवं इंस्पेक्टर संजय सिंह के आश्वासन पर परिवार वालों ने अंतिम संस्कार किया।
इंस्पेक्टर ने कहा कि आरोपों की जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई कराई जाएगी।


