धनबाद की मुनमुन भट्टाचार्य को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
धनबाद की मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रधानाध्यापक मुनमुन भट्टाचार्य को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 मिलेगा। झारखंड से एकमात्र चयनित व्यक्ति हैं। उनके कार्य और विद्यालय के कायाकल्प के लिए उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है, जिसके बाद शिक्षा विभाग में जश्न का माहौल है।

धनबाद के मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनमुन भट्टाचार्य को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 मिलेगा। शुक्रवार को स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग भारत सरकार ने नेशनल टीचर्स अवार्ड-2026 की सूची जारी की। झारखंड से एकमात्र मुनमुन भट्टाचार्य का चयन हुआ है। पुरस्कार के लिए झारखंड से तीन नाम की अनुशंसा की गई थी। विभिन्न प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद केंद्र सरकार ने मुनमुन का चयन किया। मुनमुन भट्टाचार्य के चयन की घोषणा के बाद धनबाद शिक्षा विभाग व स्कूलों में जश्न का माहौल है। 27 साल पहले सुरेश कुमारी मेहता को वर्ष 1999 के लिए पांच सितंबर 2000 को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिला था। मुनमुन भट्टाचार्य को डीईओ अभिषेक झा, डीएसई शालिनी डुंगडुंग समेत अन्य अधिकारियों, झारोटेफ के प्रांतीय महासचिव उज्ज्वल तिवारी समेत अन्य संघ प्रतिनिधियों ने बधाई दी है。
विद्यालय का कायाकल्प
मुनमुन भट्टाचार्य वर्ष 2008 में डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर में शिक्षक बनी थीं। वर्ष 2015 तक वहां रहीं। वर्ष 2016 में सरकारी शिक्षक के रूप में सिल्ली के स्कूल में योगदान दिया। वर्ष 2019 में धनबाद के मध्य विद्यालय बरमसिया में उनका तबादला हुआ। वर्ष 2023 में प्रभारी प्रधानाध्यापक बनीं। उसके बाद उन्होंने स्कूल का कायाकल्प कर दिया। स्कूल को पिछले दिनों जिला प्रशासन की ओर से सर्वश्रेष्ठ स्कूल का अवार्ड भी दिया गया। शहर के स्टीलगेट में रहनेवाली मुनमुन भट्टाचार्य के पति सचिन कुमार डीएवी कोयला नगर में आर्ट्स शिक्षक हैं। दो जुड़वा बच्चियों की मां मुनमुन की नेतृत्वक्षमता व कार्यकुशलता की तारीफ होती है।

